
अंब, 6 अक्तूबर (प्रशान्त शर्मा) – ऊना जिला के अंब उपमंडल के होनहार पैरा एथलीट निशाद कुमार ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। निशाद ने 2025 Para World Championships में T-47 कैटेगरी हाई जंप इवेंट में 2.10 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुई थी।यह जीत निशाद के लिए इसलिए भी खास रही क्योंकि फाइनल मुकाबला उनके जन्मदिन के दिन हुआ था। निर्णायक छलांग के बाद पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। इस गौरवशाली क्षण के साक्षी उनके माता-पिता और बहन भी बने।
अंब रेलवे स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
सोमवार को जब निशाद अपने गृह नगर अंब लौटे, तो अंब रेलवे स्टेशन पर उनके स्वागत के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्कूली बच्चों ने तिरंगा लहराते हुए और बैंड बाजों की धुन पर निशाद का स्वागत किया। स्थानीय निवासियों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया।निशाद ने अपनी जीत को पूरे देश और प्रदेश को समर्पित करते हुए कहा,
“यह जीत केवल मेरी नहीं, बल्कि पूरे देश और हिमाचल प्रदेश की है। मैं आने वाले ओलंपिक में भी देश के लिए पदक जीतने को तैयार हूँ।”

पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने निशाद और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को और अधिक प्रोत्साहन व सुविधाएँ दी जाएँ।उल्लेखनीय है कि निशाद इससे पहले टोक्यो पैरालिंपिक्स में रजत पदक जीत चुके हैं। अब विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने एक बार फिर हिमाचल और ऊना जिले का मान बढ़ाया है।