Himachal Pradesh

ऊना के इंदिरा गाँधी खेल परिसर में 27  नवंबर से 1  दिसंबर तक आयोजित होगी राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता

ऊना के इंदिरा गाँधी खेल परिसर में 27  नवंबर से 1  दिसंबर तक आयोजित होगी राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर करेंगे खेलों का शुभारम्भ
देश भर से 60 से अधिक टीमें पहुंचेंगी हिमाचल प्रदेश की देव भूमि में
ऊना, 24  नवंबर: ऊना के इंदिरा गाँधी खेल मैदान में 27 नवंबर से 1 दिसम्बर तक 31वीं सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आज यहां हिमाचल प्रदेश खो- खो संघ और प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का शुभारम्भ प्रातः 11 बजे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर करेंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशु पालन ब मतस्य पालन विभागों के मंत्री वीरेंद्र कँवर समापन समारोह के मुख्यातिथि होंगे। हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती 28  नवंबर को इंदिरा गाँधी खेल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्यातिथि होंगे। जबकि चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह, गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर, हिमुडा उपाध्यक्ष प्रवीण  शर्मा और हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार भी प्रतियोगिता के समारोहों के दौरान वशिष्ठ अतिथि रहेंगे।  
राकेश ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता को हिमाचल प्रदेश में आयोजित करने के लिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, खेल और युवा मामले व् खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के विशेष प्रयास रहे हैं। उन्होंने बताया कि अनुराग ठाकुर ने स्वयं इस प्रतियोगिता के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहकर खिलाड़िओं से रूबरू होने की इच्छा ज़ाहिर की थी, लेकिन अपनी व्यस्तताओं के चलते वे इस प्रतियोगिता में उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहे है।  
राकेश ठाकुर ने जानकारी दी कि देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 14 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिका एवं बालक वर्गों की लगभग 60 टीमों के 750 से अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके अलावा भारतवर्ष से 300 से अधिक खेल आयोजक, भारतीय खो-खो संघ और प्रांतीय खो खो संघों से लगभग 400 लोग हिमाचल प्रदेश की देव भूमि में पधारेंगे। इन 5 दिनों के दौरान भारत वर्ष के विभिन्न राज्यों से आये बच्चे व खेल आयोजक एक दुसरे की संस्कृति, भाषा और रहन-सहन से रूबरू होंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश के लोगों को विशेष रूप से यहां के आतिथ्य भाव, सांस्कृतिक परम्पराओं, भाषा, वेश भूषा, खान पान और प्राकृतिक सौंदर्य से आगंतुकों को परिचय करवाने का सुअवसर भी मिलेगा। यह प्रतियोगिता केवल भारत के पारम्परिक खेल खो खो में उत्कृष्टता की बाजी तक सीमित न रह कर भारत की ‘अनेकता में एकता’ के सत्य को परिलक्षित करने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ के प्रधान अभिषेक ठाकुर ने बताया कि खेलों के शुभारम्भ से पूर्व ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के सन्देश बारे जन जागरूकता को लेकर एक रैली का आयोजन किया जायेगा जिसमें देश के कोने-कोने से यहां पहुंचे खिलाड़ी भाग लेंगे। 27 नवंबर को प्रातः साढ़े आठ बजे नगर परिषद् पार्क के सामने मैदान से इस जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया जायेगा जिस के बाद रैली का समापन इंदिरा गाँधी खेल परिसर में प्रातः साढ़े 9 बजे होगा ।  
ऊना जिला परिषद् के उपाध्यक्ष और जिला खो-खो संघ के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैटों पर खो-खो खेलों का आयोजन किया जायेगा, जिस से ऊना जिला के उभरते हुए खिलाड़ी भी इस खेल की ओर आकर्षित हांेगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खेल मैदान में 4 अलग-अलग कोर्ट स्थापित किये जाएंगे जबकि रात्रि के समय फ्लड लाइटों की रोशनी में भी मैचों का आयोजन किया जायेगा।  
हिमाचल प्रदेश खो खो संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एल आर  वर्मा, महासचिव देवी दत्त तनवर, ऊना जिला खो खो संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी राजेश शर्मा और प्रवीण दुबे ने बताया कि देश के वियभिन्न प्रांतों से ऊना मैं टीमों का आगमन 25 नवंबर से आरम्भ हो जायेगा। उन्होंने ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कँवर और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए उनके मार्गदर्शन का आभार जताया। उन्होंने बताया कि खिलाड़िओं और खेल अधिकारिओं के रहने और भोजन की व्यवस्था की ज़िम्मेवारी, ऊना जिला के उपायुक्त राघव शर्मा की अगुवाई में जिला प्रशासन के सहयोग से हिमाचल प्रदेश खो-खो संघ और ऊना जिला खो-खो संघ द्वारा की जा रही  है।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Sorry Content is protected !!