
अंब (ऊना): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब क्षेत्र की मूल निवासी डॉ. मीनाक्षी कंवर चौहान ने एक बार फिर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा जारी नवीनतम ग्लोबल टॉप 2% साइंटिस्ट्स रैंकिंग में डॉ. मीनाक्षी को लगातार चौथे वर्ष दुनिया के शीर्ष वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है।डॉ. मीनाक्षी अंब के नंबरदार कंवर गुरबख्श सिंह की पुत्री हैं। उनकी यह उपलब्धि हिमाचल ही नहीं, पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। यह रैंकिंग वैज्ञानिकों के शोध कार्य, उद्धरणों और उनके विज्ञान में योगदान के वैश्विक प्रभाव के आधार पर तैयार की जाती है।वर्तमान में डॉ. मीनाक्षी दिल्ली फार्मास्युटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (DPSRU), नई दिल्ली में फार्मास्यूटिक्स विभाग में संकाय सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज (UIPS) से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की है।डॉ. मीनाक्षी देश-दुनिया में एक प्रसिद्ध फॉर्मूलेशन साइंटिस्ट के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने अब तक 100 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र एवं पुस्तक अध्याय प्रकाशित किए हैं। उनका शोध कार्य मुख्य रूप से नवीन औषधि वितरण प्रणालियों (Novel Drug Delivery Systems) पर केंद्रित है। उन्हें इस क्षेत्र में एक भारतीय पेटेंट भी प्राप्त है।अपने उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए डॉ. चौहान को कई प्रतिष्ठित सरकारी अनुदान और पुरस्कार मिल चुके हैं। वह सरकार की कई उच्च-स्तरीय वैज्ञानिक समितियों की सदस्य भी हैं।डॉ. मीनाक्षी चौहान ने अपनी उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान युवा शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देगा। डॉ. मीनाक्षी कंवर चौहान की यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश की वैज्ञानिक प्रतिभा और देश की अनुसंधान क्षमता का एक उज्ज्वल उदाहरण है।