Himachal Pradesh

डलहौजी सिविल अस्पताल को फिर मिला कायाकल्प अवॉर्ड : समूचे प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान

चंबा, 15 अप्रैल-  सिविल अस्पताल डलहौजी ने एक बार फिर से कायाकल्प अवार्ड को हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा 2016 में शुरू इस कार्यक्रम के तहत सिविल अस्पताल डलहौजी 2018 में भी पहले स्थान पर रहा और 25 लाख रुपए की अवार्ड राशि भी हासिल की थी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश गुलेरी ने बताया कि वर्ष 2020-21 के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न  स्वास्थ्य सुविधाओं के मानदंडों के आधार पर जो रैंकिंग जारी की गई है उसमें सिविल अस्पताल डलहौजी एक बार फिर 572 के स्कोर के साथ पहले स्थान पर घोषित किया है। जबकि सिविल अस्पताल करसोग दूसरे और सिविल अस्पताल सुन्नी तीसरे स्थान पर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह अवार्ड स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न तरह की सुविधाओं की उपलब्धता के आधार पर दिया जाता है। गौरतलब है कि चंबा जिला केंद्र सरकार की एस्पिरेशनल जिला योजना का भी हिस्सा है। चंबा जिला प्रदेश का एकमात्र ऐसा जिला है जो एस्पिरेशनल है। ऐसे में यदि चंबा जिला का कोई स्वास्थ्य संस्थान समूचे प्रदेश में शीर्ष पर रहता है तो इसका श्रेय उस संस्थान में कार्य करने वाले चिकित्सकों और अन्य स्टाफ को भी जाता है।
सिविल अस्पताल डलहौजी जिले में  कोविड अस्पताल के तौर पर भी अपने दायित्व को बखूबी अंजाम दे रहा है।
सिविल अस्पताल डलहौजी के प्रभारी डॉ विपिन ठाकुर ने कहा कि  सिविल अस्पताल डलहौजी को 2016, 2017 व 2019 में प्रशंसा पुरस्कार प्राप्त हुआ था। जबकि 2018 में पूरे प्रदेश में पहला स्थान मिला।
उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल डलहौजी को इस मुकाम तक लाने में सभी की मेहनत और सहभागिता है। उन्होंने कहा कि पूरी टीम इसके लिए प्रशंसा के काबिल है और भविष्य में भी इस स्वास्थ्य संस्थान को बेहतर सुविधाएं देने के मकसद से जाना जाए इसके पूरे प्रयास रहेंगे।

हिमाचल को अलग पूर्ण राज्य का दर्जा दिलवाने में चंबा जिला की भी अहम भागीदारी- विधानसभा उपाध्यक्ष 

कोविड-19 के संक्रमण और खतरे के प्रति आमजन को सचेत करने में पंचायती राज प्रतिनिधि निभाएं  सक्रिय भूमिका 
भंजराड़ू मेला ग्राउंड के मंच को विस्तार देने के लिए 10 लाख की राशि देने का ऐलान
प्रसिद्ध गडासरू महादेव में सराय निर्माण के लिए भी दी जाएगी 5 लाख की राशि
चंबा (तीसा),15 अप्रैल-विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ हंसराज ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को एक अलग राज्य का दर्जा दिलवाने में चंबा जिला के लोगों की भी अहम भागीदारी रही है। समूचे चंबा जिला ने भी पूरी हामी भरी थी कि हिमाचल प्रदेश देश का अलग पूर्ण राज्य होना चाहिए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने यह बात आज 74वें हिमाचल दिवस के उपलक्ष्य पर चुराह उपमण्डल के मुख्यालय भंजराड़ू में आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए अपने संबोधन के दौरान कही। विधानसभा उपाध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संघर्ष के बाद हिमाचल प्रदेश को एक अलग राज्य का स्वरूप प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्यत्व के बाद की इस यात्रा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार ने भी अपने इस कार्यकाल के दौरान कई नए मील के पत्थर स्थापित करके प्रदेश को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीर योद्धाओं का की धरती भी है। हिमाचल की कोख ने कई परम वीरों को जन्म दिया है जिसका हम सब को गर्व है।
डॉ हंसराज ने कहा कि कोरोना काल में हम प्रदेश के पूर्व राज्यत्व  के स्वर्णिम वर्ष को भी मना रहे हैं। ऐसे में कोविड-19 के संक्रमण और खतरे के प्रति आमजन को सचेत करने में पंचायती राज प्रतिनिधि अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तत्पर रहें। उन्होंने लोगों का भी आह्वान करते हुए कहा कि वे कोरोना से जुड़ी सभी एहतियातों का पालन करें और 45 वर्ष से अधिक आयु के लोग कोरोना का टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि ये हम सबकी खुशकिस्मती है कि बहुत कम समय में कोरोना वैक्सीनेशन की सुविधा हमें प्राप्त हुई है। सभी को इसका लाभ उठाना चाहिए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि कुछ समय से जलवायु परिवर्तन के चलते पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द पंचायत वार्ड सदस्यों के साथ बैठक करके इसके समाधान को लेकर कार्य योजना तैयार की जाएगी। विधानसभा उपाध्यक्ष ने भंजराड़ू मेला ग्राउंड के मंच को विस्तार देने के लिए 10 लाख जबकि प्रसिद्ध गडासरू महादेव में सराय निर्माण के लिए 5 लाख की राशि प्रदान करने की भी घोषणा की।
इससे पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष ने ध्वजारोहण करके समारोह का शुभारंभ किया और सलामी ली। समारोह के दौरान एकीकृत बाल विकास परियोजना की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
इस मौके पर एसडीएम चुराह मनीष चौधरी, जिला परिषद सदस्य जयंती दुग्गल, पंचायत समिति अध्यक्ष कौशल्या देवी, भाजपा जिला महामंत्री वीरेंद्र ठाकुर, खंड विकास अधिकारी महिंद्र राज, अधिशासी अभियंता जल शक्ति केवल शर्मा, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तीसा घनश्याम ठाकुर, सहायक अभियंता बिजली बोर्ड दीवान चंद गुप्ता, नायब तहसीलदार लतीफ मोहम्मद, बाल विकास परियोजना प्रभारी पूजा कुकरेजा,अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष गोविंद, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमन राठौर, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष कुलवंत शर्मा, पंचायत प्रधान कृष्णा महाजन व सुनीता देवी के अलावा अन्य पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Sorry Content is protected !!