अंब, 10 जनवरी 2026
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को एक और झटका लगा है। शुक्रवार को सलोई गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रंब पंचायत के करीब सात भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले बैरियां के प्रधान व भाजपा मंडल एससी मोर्चा के सचिव भी करीब 20 समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

सलोई में कांग्रेस में शामिल होने वालों में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता अनिल डडवाल, पूर्व सेना अधिकारी कुलविंदर सिंह, अशोक कुमार, सुमन कुमारी, अनुराधा रानी, मुस्ताक मोहम्मद और विजय कुमार शामिल हैं। नवप्रवेशी सदस्यों ने कहा कि वे भाजपा से जुड़े रहने के बावजूद चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन सिंह बबलू से हमेशा सम्मान और सहयोग पाते रहे। पंचायत के विकास कार्यों को लेकर जब भी मांग रखी गई, विधायक ने बिना किसी भेदभाव के उन्हें पूरा किया।
इस अवसर पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने सभी नए सदस्यों का हार पहनाकर कांग्रेस पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास, जनसेवा और सामाजिक न्याय की राजनीति करती है। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और क्षेत्र में हो रहे कार्यों से प्रभावित होकर लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर जनता के सामने आ चुका है, जबकि कांग्रेस ही कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान देती है। उन्होंने नए सदस्यों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
सलोई में 40 लाख की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
इसी कार्यक्रम के दौरान विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने सलोई गांव में करीब 40 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 70 हजार लीटर क्षमता के पेयजल भंडारण टैंक की आधारशिला रखी, जिससे सलोई व आसपास के क्षेत्रों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलोई में मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत 15 लाख रुपये से बनने वाले ओपन जिम और खेल मैदान में दर्शकों के लिए व्यवस्थित स्टेयर का भी शिलान्यास किया गया।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, उन्हें केवल बेहतर सुविधाओं की जरूरत है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि अकेले सलोई गांव में वर्तमान में करीब एक करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें 60 लाख रुपये की लागत से पशु चिकित्सालय का निर्माण भी शामिल है। विधायक ने कहा कि उन्होंने हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित को प्राथमिकता दी है और बिना भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विकास कश्यप, गुलजारी लाल नंदा, पूर्व उपप्रधान संदीप शर्मा, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमन जसवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा लोक निर्माण व जल शक्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
