
कांग्रेस ने बाबा साहेब और सरदार पटेल का हमेशा अपमान किया, मोदी ने सम्मान किया: जयराम ठाकुर
मोदी ने बाबा साहेब के सपनों को पूरा
सिरमौर : सिरमौर में आयोजित बाबा साहेब सम्मान अभियान को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आजादी की लड़ाई के बाद देश के सामने दो प्रमुख चुनौतियां थी। पहली चुनौती 500 से ज्यादा रियासतों का विलय करना और दूसरी चुनौती देश को एक बेहतरीन संविधान देना जो हर देशवासी के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों का संरक्षण कर सके तथा भारत को एक लोकतांत्रिक देश के रूप में आगे ले जा l सके। रियासतों को विलय करने का जिम्मा सरदार वल्लभभाई पटेल को मिला। देश के संविधान निर्माण का जिम्मा बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर को। इन दोनों को यह जिम्मेदारी प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के इच्छा के विपरीत मिली। जवाहरलाल नेहरू बाबा साहब को बिल्कुल भी पसंद नहीं करतेथे। उन्होंने हमेशा बाबा साहेब का अपमान किया। बाबा साहेब के जीते जी उन्हें सरकार से दूर रखने के हर प्रयास किया तो उनकी मृत्यु के बाद उनके शव के अपमान में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। बाबा साहेब को सम्मान तब मिला जब भारतीय जनता पार्टी के सहयोग से सरकार बनी। 1990 में उन्हें भारत रत्न मिला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यकाल में बाबा साहेब से जुड़े स्मृतियों को पंच तीर्थ बनाकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसी तरह सरदार पटेल को सम्मान देने के लिए भाजपा सरकार ने उनका स्मारक बनाया। नरेंद्र मोदी ने दुनिया का सबसे विशाल “स्टैच्यू ऑफ यूनिटी” बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता पूरे देश में घूम-घूम कर संविधान बचाओ यात्रा चला रहे हैं और संविधान में खतरे है का नारा दे रहे हैं। जबकि हकीकत है कि संविधान दुनिया के सबसे मजबूत नेता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्णतया सुरक्षित है और कांग्रेस पार्टी ही खतरे में है। जिस तरीके से चुनाव दर चुनाव कांग्रेस पार्टी का संविधान खतरे में है का झूठा नैरेटिव बेनकाब हुआ है और देश के लोगों ने उन्हें नकारा है। उससे यह साफ है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस ढूंढे नहीं मिलेगी। बाबा साहब का योगदान देश की आजादी की लड़ाई के साथ–साथ आजादी के बाद देश की चुनौतियों से निपटने में भी रहा। आजादी के बाद भारत को एक लोकतांत्रिक देश बनाने के साथ-साथ एक सर्वाग्रही, सर्व समावेशी, सर्वहितकारी संविधान बनाने का दायित्व भी मिला। संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने यह दायित्व पूरी निष्ठा के साथ पूरा किया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन सामाजिक न्याय और समानता के हितों की रक्षा करते और शोषण के विरुद्ध लड़ते हुए बीता। बाबासाहेब आधुनिक भारत के सामाजिक न्याय के पुरोधा थे। देश के वंचित- शोषित समुदाय के हकों के लिए उन्होंने पूरी जिंदगी संघर्ष किया। बाबा साहेब के दिखाए गए रास्ते ही शोषण मुक्त, समानता और समरसता युक्त आदर्श समाज का निर्माण कर सकते हैं। उनका जीवन दर्शन और शिक्षाएं हमेशा लोगों का पथ प्रदर्शन करता रहेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव बाबा साहब के खिलाफ साजिशें रची। उनका अपमान किया। उनकी क्षमताओं का, उनकी शिक्षा का लाभ देश को नहीं उठाने दिया। उन्हें मंत्रिमंडल से बाहर रखने और लोक सभा का उपचुनाव हराने के लिए साजिशें रची। 1952 के लोक सभा उपचुनाव में 74333 मतों को अमान्य करवाकर कांग्रेस ने पहली बार जनादेश की लूट का प्रयास किया। 1937 के बॉम्बे प्रेसीडेंसी विधान सभा चुनाव में कांग्रेस ने डॉ. आंबेडकर को हराने के प्रयास में प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी बालू पालवंकर को उनके खिलाफ मैदान में उतारा। हालांकि बालू पालवंकर चुनाव हार गए, लेकिन इस प्रयास ने कांग्रेस की डॉ. आंबेडकर के विरोध की भावना को बेनकाब कर दिया। इसी प्रकार कांग्रेस के बंबई प्रीमियर, बी.जी. खरे ने यह सुनिश्चित किया कि डॉ. अंबेडकर को संविधान सभा में चुना न जाए। योगेन्द्रनाथ मंडल की वजह से बाबा साहेब बंगाल से संविधान सभा के चुनाव में चुने गए। डॉ. अंबेडकर को जिन क्षेत्रों ने वोट दिया था, जैसे कि बारिसाल, जेसोर-खुलना और फरीदपुर- वे मुस्लिम बहुल क्षेत्र न होने के बावजूद कांग्रेस ने उन्हें पाकिस्तान जाने की अनुमति दे दी। जिससे बाबासाहेब एक बार फिर संविधान सभा से बाहर हो गए। हिंदू महासभा के नेता और नेहरू के मुखर आलोचक, श्री एम. आर. जयकर ने पुणे से अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया ताकि डॉ. अंबेडकर को संविधान सभा के लिए चुना जा सके। कांग्रेस को बाबा साहेब के साथ किए गए कृत्य के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए।
इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, शिमला सांसद सुरेश कश्यप, पोंटा साहिब से विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, प्रदेश महासचिव बिहारी शर्मा, पार्टी सचिव डेजी ठाकुर और मुनीश चौहान, जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने पहलगाम में आतंकियों द्वारा धर्म पूछ पूछ कर निर्दोष लोगों की हत्या किए जाने की निंदा की और पाकिस्तान को सबक सिखाने का प्रदेशवासियों भरोसा भी दिया। मोदी जी के नेतृत्व के कारण आज पूरा विश्व हमारे साथ है।
बदलते भारत की गाथा है प्रधानमंत्री का “मन की बात”कार्यक्रम : जयराम ठाकुर
“मन की बात” कार्यक्रम में हिमाचल के नवोन्मेष को शामिल करने के लिए मोदी का आभार
सिरमौर : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सिरमौर के नाहन में भाजपा कार्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 121 वां एपिसोड सुना। मीडिया के प्रतिनिधियों से बात करते हुए हुआ उन्होंने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम बदलते भारत की गाथा है, भारत और भारतीयता का अग्रदूत है। वैश्विक पटल पर भारत और भारतीयों द्वारा किए जा रहे कार्यों पहचान दिलाने “मन की बात” की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश की मुख्यधारा से दूर काम कर रहे लोगों की परियोजनाओं को एक नई पहचान और नया मंच मिलता है। प्रधानमंत्री का हिमाचल से विशेष स्नेह है। इसी वजह से प्रायः हिमाचल में हो रहे नवोन्मेष मन की बात के कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा बनते हैं। जिसकी प्रेरणा से बहुत से लोग उन कार्यों की सराहना करते हैं और देश ही नहीं दुनिया भर में उनके प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग हो जाती है। ऐसी सफलता की गाथाएँ और भी लोगों को प्रेरित करती हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा हिमाचल के सांगला वैली में सेब के साथ केसर की खेती करने का मामला हिमाचल के और भी बहुत किसानों को प्रेरित करेगा। इसी तरह केरल के वायनाड में एरोपोनिक्स तकनीक (जहाँ पौधे मिट्टी की बजाय हवा में उगाए जाते हैं) से केसर उगाने तथा राजस्थान समेत दक्षिण भारत में लीची का उत्पादन देश के अन्न दाताओं को प्रेरित करने के साथ ही उनके जीवन स्तर में बदलाव लाने में बड़ी भूमिका निभायेंगे। “मन की बात” कार्यक्रम देश के लोगो को प्रेरित करेगा कि अगर हम कुछ नया करने का इरादा कर लें, और मुश्किलों के बावजूद डटे रहें, तो असंभव को भी संभव किया जा सकता है। इसी तरह से स्पेस सेक्टर को भी प्राइवेट सेक्टर के लिए खोलने से अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी भारी संख्या में युवा वैज्ञानिक सामने आए हैं। 10 साल पहले इस क्षेत्र में सिर्फ एक कंपनी थी, लेकिन आज देश में, सवा तीन सौ से ज्यादा स्पेस स्टार्टअप काम कर रहे हैं। भारत का अंतरिक्ष मिशन न सिर्फ सबसे सफल और प्रभावी है बल्कि सबसे सस्ता भी है और आने वाला समय अंतरिक्ष में बहुत सारी नई संभावनाएं लेकर आ रहा है। देश के उपेक्षित क्षेत्रों और प्रतिभाओं को वैश्विक मंच देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक धन्यवाद। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, शिमला सांसद सुरेश कश्यप, पोंटा साहिब से विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, प्रदेश महासचिव बिहारी शर्मा, पार्टी सचिव डेजी ठाकुर और मुनीश चौहान, जिलाध्यक्ष धीरज गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।